WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

तेज रफ्तार कार खंभे से टकराई, हाईटेंशन तार गिरते ही लगी आग, 2 युवकों की जिंदा जलकर मौत

325
WhatsApp Image 2026 05 06 At 19.51.51

तेज रफ्तार कार खंभे से टकराई, हाईटेंशन तार गिरते ही लगी आग, 2 युवकों की जिंदा जलकर मौत

शादी से लौट रहे थे तीन दोस्त, ड्राइवर को आया नींद का झोंका; पटाखों ने आग को बनाया और भयावह..

छतरपुर: डबरा-ग्वालियर हाईवे पर मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें छतरपुर के दो युवकों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर 11 केवी बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर के बाद हाई-वोल्टेज तार कार पर गिर गए, जिससे चिंगारी उठी और देखते ही देखते कार आग के गोले में तब्दील हो गई।

WhatsApp Image 2026 05 06 at 19.50.38

हादसा बीती रात करीब 2 बजे का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, कार में सवार तीनों युवक एक शादी समारोह से लौट रहे थे। प्रारंभिक आशंका है कि कार चला रहे अवधेश विश्वकर्मा (32) को नींद का झोंका आ गया, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि खंभा टूट गया और बिजली के तार कार पर गिर पड़े।

बताया जा रहा है कि कार में शादी से बचे कुछ पटाखे भी रखे हुए थे। जैसे ही आग लगी, पटाखों ने आग को और तेजी से फैलाया। हादसे के दौरान कार के आगे के दरवाजे लॉक हो गए, जिससे अवधेश विश्वकर्मा और रामजी सोनी (33) बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जल गए।

वहीं, पीछे की सीट पर बैठे अविनाश झा टक्कर के झटके से कार से बाहर जा गिरे, जिससे उनकी जान बच गई। उन्होंने और आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि कोई पास नहीं जा सका।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। अंदर केवल कंकाल ही शेष रह गए थे।

घटना की खबर से शहर में शोक की लहर है। अवधेश की शादी दो साल पहले हुई थी और उनका 9 महीने का बेटा है, जबकि रामजी सोनी शहर के जाने-माने सराफा व्यापारी थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।