WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

Stock Market Fell : शेयर बाजार को रास नहीं आया बजट, 1000 अंक धड़ाम, फिर कुछ संभला!

जानिए, क्यों ये स्थिति बनी, निफ्टी भी करीब 500 अंकों की गिरावट!

776

Stock Market Fell : शेयर बाजार को रास नहीं आया बजट, 1000 अंक धड़ाम, फिर कुछ संभला!

Mumbai : मंगलवार को जब संसद में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण केंद्रीय बजट पेश कर रही थीं, उसी समय शेयर बाजार जमीन पर गिरने की दिशा में उतर रहा था। जैसे-जैसे वित्त मंत्री का भाषण बढ़ता गया, मार्केट में गिरावट आती गई। बजट खत्म होते ही शेयर मार्केट धड़ाम से करीब एक हजार अंकों तक गिर गया। वित्त मंत्री ने बजट में घोषणा की कि फ्यूचर एंड ऑप्शंस (F&O) में सिक्योरिटी ट्रांजेक्शन टैक्स (STT) बढ़ाया जाएगा। STT को फ्यूचर में बढ़ाकर 0.0125% से 0.02% किया जाएगा, ऑप्शन में इसे बढ़ाकर 0.0625% से 0.10% किया जाएगा। यह इसी का असर था।

शेयर मार्केट की शुरुआत हरे निशान से शुरू हुई। मंगलवार सुबह सेंसेक्स 80,724.30 अंक पर खुला। लेकिन, खुलने के कुछ ही देर बाद इसमें गिरावट शुरू हो गई। 11 बजे बजट शुरू होते ही इसमें फिर बढ़ोतरी हुई और कुछ देर तक बनी रही। लेकिन, जैसे-जैसे बजट आगे बढ़ता गया, इसमें गिरावट आती गई। करीब 12 बजे जब बजट खत्म हुआ, इसके कुछ ही देर बाद इसमें जबरदस्त गिरावट आई। यह गिरावट करीब 1000 अंकों की रही।

इस गिरावट के बाद शेयर मार्केट संभलता नजर आया। इसमें उतार-चढ़ाव जारी रहा। दोपहर 2 बजे तक शेयर मार्केट 80,289.59 अंकों पर पहुंच गया। मंगलवार को निफ्टी में भी गिरावट देखी गई। इसमें करीब 500 अंकों की गिरावट रही।

ये शेयर तेजी से चढ़े

बजट के बाद सबसे ज्यादा तेजी टाइटन के शेयर में देखी गई। दोपहर तक इसमें 6% से ज्यादा बढ़ोतरी आई। इसके बाद ITC और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयरों में तेजी देखी गई। इनमें 3% से ज्यादा तेजी आई। इसके अलावा अडाणी पोर्ट और एचयूएल के शेयरों में भी 2% से ज्यादा बढ़ोतरी हुई।

इन शेयरों में आई गिरावट

सबसे ज्यादा गिरावट L&T और Hindalco के शेयर में आई। दोनों कंपनियों के शेयरों में गिरावट 3% से ज्यादा रही। इनके अलावा ONGC, श्रीराम फाइनेंस, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन और बजाज फाइनेंस के शेयरों में 2% से ज्यादा गिरावट रही।