WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

पिकअप–दुपहिया टक्कर में शिक्षिका और उसके शिक्षक पुत्र की मौत, एक अन्य शिक्षक घायल

440
WhatsApp Image 2025 12 17 At 16.51.59

पिकअप–दुपहिया टक्कर में शिक्षिका और उसके शिक्षक पुत्र की मौत, एक अन्य शिक्षक घायल

खरगोन : मध्य प्रदेश के खरगोन जिला मुख्यालय से करीब 3 किलोमीटर दूर चित्तौड़गढ़–भुसावल राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जामली और भोंगानाला के बीच तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने एक दुपहिया वाहन को आमने-सामने से टक्कर मार दी। इस हादसे में एक महिला शिक्षिका और उसके शिक्षक पुत्र की मौत हो गई, जबकि एक अन्य शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार दुर्घटना में 27 वर्षीय ऋतुराज बिलवे की मौके पर ही मौत हो गई। ऋतुराज के साथ उसकी मां 50 वर्षीय मधुबाई और एक अन्य शिक्षक प्रदीप अकोले दुपहिया वाहन पर सवार थे। टक्कर के बाद मधुबाई और प्रदीप को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान मधुबाई ने भी दम तोड़ दिया। घायल प्रदीप अकोले का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दुपहिया वाहन का अगला पहिया उखड़कर अलग हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल प्रदीप अकोले ने बताया कि पिकअप वाहन गलत साइड से तेज गति में आ रहा था और उसका चालक नशे की हालत में प्रतीत हो रहा था। पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक ऋतुराज बिलवे संविदा शिक्षक था, जबकि उसकी मां मधुबाई शासकीय शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। घायल प्रदीप अकोले भी संविदा शिक्षक है। प्रदीप के भाई ने बताया कि ब्रज विहार कॉलोनी, खरगोन निवासी ऋतुराज, उसकी मां और प्रदीप प्रतिदिन रायसागर स्थित स्कूलों में पढ़ाने के लिए आते-जाते थे।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है।