WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

आपदा राहत को रिश्तेदारों में बांटने के मामले में कलेक्टर ने चार बाबुओं को टर्मिनेट किया

357
Termination

आपदा राहत को रिश्तेदारों में बांटने के मामले में कलेक्टर ने चार बाबुओं को टर्मिनेट किया

खरगोन: सरकारी राहत राशि को निजी लाभ और रिश्तेदारों में बांटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। राहत राशि वितरण में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सिद्ध होने पर कलेक्टर भव्या मित्तल ने सख्त कार्रवाई करते हुए चार सहायक ग्रेड-3 कर्मचारियों को शासकीय सेवा से टर्मिनेट कर दिया है। वहीं इस पूरे मामले में शामिल निजी ऑपरेटर के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर भव्या मित्तल की गई कार्रवाई के तहत भीकनगांव तहसील में पदस्थ संतोष मंडलोई, भगवानपुरा तहसील के मनीष चौहान व प्रवीण मंडलोई तथा खरगोन तहसील ग्रामीण के मनोज कदम को सेवा से बर्खास्त किया गया है। इसके साथ ही निजी ऑपरेटर श्याम सोलंकी के विरुद्ध गोगांवा तहसीलदार को कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
महालेखाकार मध्य प्रदेश, ग्वालियर के ऑडिट प्रतिवेदनों में खुलासा हुआ कि इन कर्मचारियों ने आरबीसी के तहत राहत राशि वितरण में लाखों रुपये की गंभीर अनियमितताएं कीं। जांच में सामने आया कि भीकनगांव तहसील के संतोष मंडलोई ने अपने पुत्र, पत्नी, एक ठेकेदार और ठेकेदार के पुत्र के खातों में राहत राशि ट्रांसफर कर दी। इसी तरह भगवानपुरा तहसील के मनीष चौहान ने स्वयं, पत्नी, पिता और बहन के खातों में सरकारी राशि डलवाई।
ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार प्रवीण मंडलोई और मनोज कदम ने निजी ऑपरेटर श्याम सोलंकी के माध्यम से पात्र हितग्राहियों की राहत राशि अपात्र व्यक्तियों के खातों में डलवाई। यह पूरा खेल सरकारी सिस्टम का दुरुपयोग कर किया गया, जिससे शासन को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा।
इन कर्मचारियों ने सन 2011 से 2024 के बीच प्राकृतिक आपदा से जुड़े 113 मामलों में करीब 16 लाख रुपए की हेरा फेरी की थी।
मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 14 के तहत अनुशासनात्मक जांच प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद चारों कर्मचारियों पर नियम 10 के अंतर्गत नियम 9 के तहत दीर्घ शास्ति अधिरोपित की गई और उन्हें शासकीय सेवा से टर्मिनेट कर दिया गया।