WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की संवेदनशीलता पर एक बार फिर गहरा दाग: गुना के सरकारी अस्पताल में नशे में दुबे डॉक्टर का वीडियो वायरल

559

सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की संवेदनशीलता पर एक बार फिर गहरा दाग: गुना के सरकारी अस्पताल में नशे में दुबे डॉक्टर का वीडियो वायरल

गुना: सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की संवेदनशीलता पर एक बार फिर गहरा दाग लगा है। गुना जिला अस्पताल में मानवता को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ड्यूटी पर तैनात एक डॉक्टर शराब के नशे में इस कदर धुत्त था कि उसे न तो अपनी गरिमा का अहसास रहा और न ही सामने तड़प रहे मरीज की जान की परवाह। नशे में मदहोश डॉक्टर की इस घोर लापरवाही का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है.

 

*मरीज को देखने के बजाए बनाने लगा मजाक*

घटना रविवार देर रात की है, जब गुना जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में डॉ. अजय सिंह राठौर की ड्यूटी थी। वायरल वीडियो में डॉक्टर की हालत इतनी खराब दिख रही है कि उनकी जुबान लड़खड़ा रही है और वे बैठने की स्थिति में भी नहीं हैं। हद तो तब हो गई जब वे मरीज का इलाज करने के बजाय वहां मौजूद तीमारदारों को ही मरीज बताने लगे। जब उनसे पूछा गया कि मरीज कौन है, तो वे वीडियो बनाने वाले व्यक्ति की ओर इशारा कर कहने लगे कि तुम्हें दिल में जलन की समस्या है। डॉक्टर की यह हरकत देखकर वहां मौजूद लोग दंग रह गए।

 

*अटेंडर का आरोप, पहले गलत दवा लिखी, फिर फाड़ दिया पर्चा*

अस्पताल में मौजूद मरीज के परिजन कल्लू सिंह ने इस अमानवीय व्यवहार की पूरी दास्तां बयां की। उन्होंने बताया कि वे अपने मरीज को सांस लेने में हो रही गंभीर समस्या के कारण अस्पताल लेकर आए थे। वहां तैनात डॉक्टर पूरी तरह शराब के नशे में डूबा हुआ था। कल्लू सिंह का आरोप है कि डॉक्टर ने पहले तो पर्चे पर बिना सोचे-समझे कुछ भी लिख दिया और जब उन्हें टोका गया, तो उन्होंने मरीज का इलाज करने के बजाय गुस्से में आकर पर्चा ही फाड़ दिया। डॉक्टर की इस हरकत के कारण मरीज काफी देर तक बिना इलाज के तड़पता रहा।