WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home पॉलिटिक्स

Uproar in Khurai : खुरई में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जमकर मारपीट

कांग्रेस के अरुणोदय चौबे के प्रभाव के सामने मंत्री कमजोर पड़े

1077
Karnatak Election
bjp

Khurai (Sagar) : गुरुवार को खुरई में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट और तोड़फोड़ के बाद पुलिस ने भी लाठियां भाजीं। इसमें बताते हैं कि 150 से ज्यादा कार्यकर्ता घायल हो गए। शाम को प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह (Bhupendra Singh) खुरई पहुंचे और पुलिस कार्रवाई के विरोध में धरने पर बैठ गए। इसके बाद खुरई टीआई को तत्काल निलंबित कर दिया गया और मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए गए। दरअसल, ये पूरा मामला तात्कालिक नहीं, बल्कि मंत्री भूपेंद्र सिंह और खुरई के पूर्व विधायक और कांग्रेस के दमदार नेता अरुणोदय चौबे के बीच की खींचतान का नतीजा है। प्रदेश में भाजपा सरकार होने के बावजूद खुरई में अरुणोदय चौबे का प्रभाव बरक़रार है।

मामला दस दिन पुराना है। SDM बंगले के पास के सेल्फी प्वाइंट (Selfie Point) में 17 जनवरी को तोड़फोड़ हुई थी। आरोपी ने सहोदरा रॉय वार्ड में भी सेल्फी प्वाइंट को नुकसान पहुंचाया था। मामले में 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया, इनमें कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता भी शामिल थे। इसके बाद कांग्रेस ने प्रशासन से केस वापस लेने की मांग कर की। उधर, भाजपा कार्यकर्ता आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।

आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरुवार को BJP कार्यकर्ताओं ने SDM को ज्ञापन देने का फैसला किया। सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता किला मैदान में इकठ्ठा हुए थे। उसी समय कांग्रेस कार्यकर्ता नगर पालिका परिसर में जमा हुए। वे अपने खिलाफ दर्ज केस का विरोध कर रहे थे।

BJP कार्यकर्ता किला मैदान से रैली के रूप में SDM कार्यालय जा रहे थे। टकराव की आशंका में प्रशासन ने रास्ते में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं को महाकाली मंदिर के टीन शेड में भेज दिया। रोक के बावजूद BJP कार्यकर्ताओं ने टीन शेड में जाने की कोशिश की, कांग्रेसियों ने इसका विरोध किया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जिसने बवाल का रूप ले लिया। दोनों पार्टी के कार्यकर्ताओं में जमकर मारपीट और धक्का-मुक्की हुई। मामला बिगड़ता देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, तब जाकर भीड़ तितर-बितर हुई।

अरुणोदय चौबे ने संभाली कमान

कांग्रेस की तरफ से पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता अरुणोदय चौबे ने BJP के खिलाफ कमान संभाली। उन्होंने बताया कि कांग्रेस का कार्यक्रम तीन दिन पहले से तय था। इसकी सूचना प्रशासन को भी दी गई थी। महाकाली मंदिर पर जमा हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने परिसर में बुला लिया। उसी समय BJP की रैली में शामिल लोग वहां पहुंच गए और कांग्रेसियों पर हमला कर दिया। उन्होंने मामले की न्यायिक जांच की मांग की है।

भूपेंद्र सिंह शाम को पहुंचे

नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह शाम को घटनास्थल पहुंचे। वे पुलिस के लाठीचार्ज के विरोध में जमीन पर बैठ गए और घटना की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे धरने पर नहीं बैठे, लेकिन घटना को कांग्रेस की गुंडागर्दी बताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने वहीं से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को इसकी जानकारी दी। भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

बीजेपी कार्यकर्ताओं पर हमला किया

भूपेंद्र सिंह ने कहा कि खुरई विधानसभा में जो विकास के काम हो रहे हैं, उन्हें देखकर कुछ लोगों को तकलीफ हो रही है। पिछले दिनों नगर पालिका ने खुरई में बच्चों के लिए सेल्फी प्वाइंट बनाया था। उसे कुछ लोगों ने तोड़ दिया। इसको लेकर थाने में 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। लेकिन, पिछले दो दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। BJP कार्यकर्ता इसी मुद्दे पर SDM को ज्ञापन देने जा रहे थे। रास्ते में एसडीएम कार्यालय के पास पहले से मौजूद असामाजिक तत्वों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने दावा किया कि BJP के कई कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कांग्रेस के गुंडों ने उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हमला किया। उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।