WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

‘Vande Bharat’ Will run upto Nagpur : भोपाल जाने वाली ‘वंदे भारत’ नागपुर तक चलेगी, रेल मंत्री की घोषणा! 

1142

‘Vande Bharat’ Will run upto Nagpur : भोपाल जाने वाली ‘वंदे भारत’ नागपुर तक चलेगी, रेल मंत्री की घोषणा! 

 

उसी रात वापस इंदौर लौट आएगी, कैलाश विजयवर्गीय ने रखी थी यह मांग!

 

Indore : इंदौर से भोपाल तक जाने वाली वंदे भारत ट्रेन अब नागपुर तक जाएगी। भोपाल तक चलने वाली वंदे भारत ट्रेन को ग्वालियर, खजुराहो और नागपुर तक बढ़ाने की मांग हो रही थी। इसमें नागपुर की संभावना शुरुआत से ज्यादा थी। इंदौर-भोपाल के बीच में पर्याप्त यात्री भी ट्रेन को नहीं मिल पा रहे थे। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और इंदौर विधानसभा क्षेत्र एक के भाजपा प्रत्याशी कैलाश विजयवर्गीय के आग्रह पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसे मंजूरी दी है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दो दिन पहले इंदौर के लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन का दौरा कर बाणगंगा की तरफ रेलवे स्टेशन के निर्माण को मंजूरी दी थी। इस दौरान इंदौर से भोपाल के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन को नागपुर तक बढ़ाने की मांग भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विजयवर्गीय ने की थी। भाजपा नेता विजयवर्गीय ने ट्वीट कर इंदौर-भोपाल वंदे भारत ट्रेन को नागपुर तक चलने की जानकारी दी।

रेलवे ने नागपुर तक के समय, ठहराव और किराए की जानकारी जारी नहीं की, जल्द ही इसकी घोषणा हो सकती है। इंदौर से सुबह 6.30 बजे ट्रेन रवाना होकर सुबह 9 बजे भोपाल पहुंचती है। नागपुर तक ट्रेन चलाने पर यह दोपहर ढाई बजे के करीब नागपुर पहुंचेगी। इसके बाद देर रात भोपाल होते हुए इंदौर आएगी।

वंदे भारत ट्रेन को नागपुर तक बढ़ाने से इंदौर के अलावा भोपाल को भी फायदा होगा। भोपाल के सैकड़ों यात्री भी कम समय में नागपुर आना-जाना कर सकेंगे। नागपुर क्षेत्र से महाकाल लोक दर्शन करने वालों को भी आवागमन की आसान सुविधा मिलेगी। नागपुर से साउथ का सीधा कनेक्शन है। इंदौर-नागपुर के बीच ट्रैफिक भी अच्छा हैं। भोपाल से नागपुर के बीच भी ट्रैफिक है। वंदे भारत ट्रेन के नागपुर तक चलने से इंदौर, उज्जैन और होशंगाबाद और नागपुर के यात्रियों को फायदा होगा।