WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home पॉलिटिक्स

Who’s Coming in Congress : 7 मई को क्या आधा दर्जन BJP नेता कांग्रेस का दामन थामेंगे!

दीपक जोशी ने तो घोषणा कर दी, पर क्या दूसरे ख़ामोशी से पाला बदलेंगे!

1688
Karnatak Election
bjp

Who’s Coming in Congress : 7 मई को क्या आधा दर्जन BJP नेता कांग्रेस का दामन थामेंगे!

Bhopal : मालवा इलाके के तीन वरिष्ठ भाजपा नेताओं की नाराजी सामने आने के बाद अब प्रदेशभर में इस बात की हलचल है कि यही तीन नेता पार्टी के खिलाफ खड़े हुए हैं या इनके अलावा और भी हैं! फ़िलहाल दीपक जोशी, भंवरसिंह शेखावत और सत्यनारायण सत्तन ने अपनी मुखरता दिखाई है। लेकिन, कहा तो यहां तक जा रहा है कि यही तीन नेता पार्टी से विद्रोह नहीं कर रहे इनकी संख्या आधा दर्जन है।

यदि चर्चाओं पर भरोसा किया जाए तो भाजपा की रीति-नीति और वरिष्ठों की उपेक्षा से दुखी होकर भाजपा के कई नेता 7 मई को कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। भाजपा की राजनीति के संत कहे जाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री स्व कैलाश जोशी के बेटे और पूर्व मंत्री दीपक जोशी का कांग्रेस का दामन थामना लगभग तय हैl पार्टी की उनको मनाने की सारी कोशिशें भी असफल हो गई। इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 5 और बाद में धार जिले के बदनावर से भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज करने वाले सहकारी नेता भंवरसिंह शेखावत ने भी कुछ दिन पहले मुखरता दिखाई थी। कहा जा रहा है कि वे भी कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं।

पूर्व प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी वाजपेई के भांजे और पूर्व मंत्री ग्वालियर के अनूप मिश्रा भी भाजपा का साथ छोड़कर हाथ का साथ पकड़ने की चर्चा है! कहा यहां तक जा रहा है कि वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व विधायक और जाने-माने कवी सत्यनारायण सत्तन भी दुखी होकर कांग्रेस में शामिल होंगे।

इसके अलावा जो बड़ा नाम चर्चा में है,वो केपी यादव का है। वे गुना लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। उन्होंने 2019 में ग्वालियर के महाराज ज्योतिरादित्य सिंधिया को हराया था, जब वे कांग्रेस में थे। अब वे भी भाजपा में हैं और समझा जा रहा है कि सिंधिया के दबाव में उन्हें इस बार लोकसभा चुनाव में शायद टिकट न मिले। ऐसी स्थिति में उनके भी कांग्रेस के पाले में आने की आशंका व्यक्त की जा रही है।

इसके अलावा जो नाम चर्चा में है, वो है पूर्व स्वास्थ्य मंत्री गौरीशंकर शेजवार के बेटे मुदित शेजवार का जो रायसेन विधानसभा से चुनाव लड़ना चाहते हैं। भाजपा तो उन्हें उम्मीदवार बनाने से रही, इसलिए वे शायद कांग्रेस में आकर इस सीट पर उतरे। लेकिन, अभी ये सिर्फ चर्चाएं हैं। तय नहीं कि इनमें से कितने नेता भाजपा का दामन छोड़ेंगे!