WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

Double Murder : महू के नजदीक जामली में जेठ और बहू की लाश मिली, चोट के निशान मिले!

848
WhatsApp Image 2025 07 23 At 18.13.26

Double Murder : महू के नजदीक जामली में जेठ और बहू की लाश मिली, चोट के निशान मिले!

पुलिस आत्मरक्षा में हमले की आशंका पर भी कर रही जांच, फोरेंसिक टीम भी पहुंची!

Mhow (Indore) : बड़गोंदा थाना क्षेत्र के जामली गांव में एक खौफनाक वारदात ने सनसनी फैला दी। देर रात बुजुर्ग जेठ ओंकार निनामा (80) और बहू सावित्रीबाई (60) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों के शरीर पर लाठियों से हमले के गहरे निशान पाए गए। बहू के शरीर में चोट के साफ निशान दिख रहे हैं, जबकि जेठ के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। पुलिस के साथ एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची है।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि दोनों ने दिन में शराब पी थी। इसके बाद आपसी कहासुनी और विवाद होता रहा। परिजनों ने दिनभर दोनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन रात में यह विवाद खून-खराबे में बदल गया। एएसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया कि बड़गोंदा थाना क्षेत्र के ग्राम जामली के प्रेम नगर में घटना हुई। 60 साल की सावित्रीबाई पति सुखराम निनामा और उसके जेठ ओंकार का शव मिला है। बड़गोंदा थाना प्रभारी प्रकाश वास्कले ने बताया कि दोनों की मौत कैसे हुई, यह स्पष्ट नहीं हुआ। शरीर पर मामूली चोट के निशान हैं। कोई गंभीर या जानलेवा घाव व निशान नहीं हैं। पुलिस ने मर्ग कायम किया है।

प्रारंभिक पड़ताल में यह बात सामने आ रही है कि इन दोनों की किसी ने हत्या की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास पूछताछ की तो पता चला कि उक्त परिवार में कल शाम को विवाद हुआ था। इसके बाद रात को हत्या हुई है। सावित्री और ओंकार का परिवार आसपास ही रहता है। सावित्रीबाई के पति सुखराम की पहले ही मौत हो चुकी है। वह गोद लिए बेटे के साथ रहती है। जिस समय झगड़ा हुआ उस समय बेटा घर पर नहीं था।

उधर, उसके जेठ का परिवार भी उसके घर से कुछ ही दूरी पर रहता है। पुलिस पता लगा रही है कि झगड़े की वजह क्या थी और रात में इन दोनों की इस तरह हत्या किसने की। पुलिस के शक के दायरे में दोनों ही मृतकों के परिवार के सदस्य हैं, जिनसे आज दिन में पुलिस ने पूछताछ की। पुलिस इस बिंदु पर जांच कर रही है कि क्या दोनों ने एक-दूसरे पर हमला किया या किसी तीसरे ने इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। गांव में इस दोहरी हत्या को लेकर दहशत का माहौल है।

लापता महिला पर शंका

पोस्टमार्टम के दौरान दोनों मृतकों के परिजन मौके पर पहुंचे। उनका आरोप है कि एक महिला, जो दोनों की रिश्तेदार है, वह लापता है। उस पर ही हत्या की शंका है। फिलहाल पुलिस परिजन के बयान भी लेगी। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। पुलिस का कहना है कि यह भी पता लगाया जा रहा है कि विवाद की वजह क्या थी। जहां वारदात हुई वहां बाहर से आए हुए कई लोग रहते हैं। उनसे भी पूछताछ की जाएगी। मौके पर पहुंची एफएसएल टीम भी साक्ष्य एकत्रित करने में जुटी है।