WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home ब्यूरोक्रेसी

CGPSC Results: छग लोक सेवा आयोग ने 2024 मुख्य परीक्षाओं के परिणाम घोषित किए, मुख्यमंत्री ने सफल प्रतिभागियों को दी बधाई

557

CGPSC Results: छग लोक सेवा आयोग ने 2024 मुख्य परीक्षाओं के परिणाम घोषित किए, मुख्यमंत्री ने सफल प्रतिभागियों को दी बधाई

रायपुर : छग लोक सेवा आयोग ने पीएससी 2024 मुख्य परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं।मुख्यमंत्री ने सफल प्रतिभागियों को बधाई दी है।

इस बार लड़कों का दबदबा रहा। टॉप-10 में 8 लड़के जबकि सिर्फ 2 लड़कियां हैं। देवेश प्रसाद साहू पहले स्थान पर रहे हैं।
पीएससी ने नवंबर 2024 में पीएससी ने 246 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया था। 17 विभागों में डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार सहित कई पदों पर इसके माध्यम से भर्ती होगी। प्रारंभिक परीक्षा फरवरी में आयोजित की गई थी। इसके बाद 26 से 29 जून तक मुख्य परीक्षा आयोजित की गई। मुख्य लिखित परीक्षा के परिणाम 31 अक्टूबर को जारी किए गए। पद से तीन गुना अधिक परीक्षार्थियों का चयन साक्षात्कार के लिए किया जाता है। योग्य उम्मीदवारों की उपलब्धता के आधार पर 643 का चयन साक्षात्कार के लिए किया गया। 10 नवंबर से प्रारंभ हुआ साक्षात्कार 20 नवंबर तक चले। बीते वर्षों की परंपरा का पालन करते हुए इंटरव्यू के अंतिम दिन 20 नवंबर को ही परिणाम घोषित कर दिए गए।
देर शाम साक्षात्कार समाप्त होने के बाद से ही कैंडिडेट्स परिणामों का इंतजार कर रहे थे। मध्यरात्रि परिणाम वेबसाइट पर अपलोड होने के साथ ही पीएससी की वेबसाइट क्रैश हो गई। रिजल्ड डाउनलोड करने में ही अभ्यर्थियों को मशक्कत करनी पड़ी। गौरतलब है कि पिछले विवादों को देखते हुए इस बार पीएससी ने फेसलेस इंटरव्यू लिया था। अर्थात साक्षात्कारकर्ताओं को यह नहीं पता था कि वे किस कैंडिडेट का इंटरव्यू ले रहे हैं। उनकी पहचान गुप्त रखी गई थी। नाम के स्थान पर उन्हें कोड नंबर दिए गए थे।

घोषित परिणाम
1. देवेश प्रसाद साहू

2. स्वप्निल वर्मा

3. यशवंत देवांगन

4. पोलेश्वर साहू

5. पारस शर्मा

6. संस्कृति पांडेय

7. अंकुश बनर्जी

8. सृष्टि गुप्ता

9. प्रशांत वर्मा

10. सागर वर्मा
11. सर्वाधिक 90 पद आबकारी सब इंस्पेक्टर के हैं। डिप्टी कलेक्टर के 7 और डीएसपी के 21 पोस्ट समेत अलग-अलग पोस्ट शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने सफल प्रतिभागियों को दी बधाई
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (PSC) परीक्षा-2024 में सफलता प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि युवा शक्ति की कड़ी मेहनत, अनुशासन, निरंतर तैयारी और समर्पित प्रयासों का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को प्रदेश की सेवा में एक नई शुरुआत के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की युवा पीढ़ी ने हमेशा उत्कृष्टता, साहस और लगन का परिचय दिया है। इस परीक्षा में सफल हुए सभी प्रतिभागियों ने अपने धैर्य और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता से यह सिद्ध किया है कि प्रदेश की नई पीढ़ी प्रशासनिक सेवाओं में एक सशक्त स्थान बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत और दृढ़ निश्चय से प्राप्त यह सफलता न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि ये नवचयनित अधिकारी सुशासन, पारदर्शिता और संवेदनशील प्रशासन की नई ऊँचाइयों को स्थापित करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रशासनिक व्यवस्था को जनोन्मुखी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, और इन नई नियुक्तियों से शासन-प्रशासन में नई ऊर्जा का संचार होगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी युवा अधिकारी छत्तीसगढ़ के समग्र विकास, सामाजिक न्याय, गरीबी उन्मूलन, महिला-शिक्षा सशक्तिकरण और ग्रामीण उन्नति जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देंगे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने यह भी कहा कि इन सफल प्रतिभागियों की उपलब्धि प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि यह सफलता संदेश देती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, परिश्रम और अनुशासन के साथ कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे निरंतर सीखते रहें, स्वयं को बेहतर बनाते रहें और जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाएं।

मुख्यमंत्री ने सभी सफल अभ्यर्थियों को उज्ज्वल, सुखद एवं सफल जीवन की मंगलकामनाएँ देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार उनके साथ है और हर स्तर पर एक संवेदनशील, पारदर्शी और सक्षम प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित करने में उनका सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा।