WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home पॉलिटिक्स

Kailash Vijayvargiya – Prahlad Patel Attended Cabinet Today: दूरी तो मिटी, मगर कितनी टिकाऊ?

543

Kailash Vijayvargiya – Prahlad Patel Attended Cabinet Today: दूरी तो मिटी, मगर कितनी टिकाऊ?

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव की अध्यक्षता में आज भोपाल में संपन्न कैबिनेट बैठक में जो फैसले लिए गए, वे तो तय एजेंडे के हिस्से रहे,लेकिन जो मंजर नजर आया,वह पुरानी कहानियों को नए मोड दे रहा है।

इस कैबिनेट बैठक में वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद पटेल की मौजूदगी ’सरकार‘ के पक्ष के मान से सुखद रही। दोनों मंत्री इससे पहले बड़वानी और भोपाल में हुई लगातार दो बैठकों में नहीं पहुंचे थे और इनके अनमनेपन के किस्से भोपाल से लेकर दिल्ली तक पहुंच रहे थे। इसलिए आज दोनों की मौजूदगी को दिल्ली में हुई अमित शाह के संग बैठकों व समझाइशों या सीज़फायर का नतीजा भी माना जा सकता है।

हालांकि इसके बावजूद बीते सप्ताह सीएम मोहन यादव के साथ दोनों मंत्रियों की अलग मुलाकात भी बर्फ को पिघलाने में सहायक रही है। जानकार सूत्रों का मानना है कि अमित शाह ने तीनों के साथ अलग-अलग हुई बैठक में भी साफ कर दिया था कि दरार या तकरार का कोई मैसेज नहीं जाए।

गौरतलब होगा कि पिछले कुछ महीनो से इन तीनों वरिष्ठ नेताओं के बीच कई प्रशासकीय और सियासी मसलों पर दूरी बढ़ाने की खबरें मीडिया में लगातार चल रही थी! दिल्ली में कैलाश विजयवर्गीय की मोहन यादव से एकांत में गुफ्तगु हुई थी। बताया जाता है कि दोनों एक समारोह मे मिले थे। जबकि प्रहलाद कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा आयोजित एक सरकारी बैठक के सिलसिले में सीएम के साथ काफी समय तक दिल्ली में मौजूद रहे थे। बताया जाता है कि वहां भी दोनों की केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ चर्चा हुई थी। माना जाता है कि इन ‘तीनों पक्षों’ की अपने स्तर पर कुछ मामलों को लेकर चर्चा भी हुई है।

बहरहाल फिलहाल तो ‘अंत भला तो सब भला’ की तर्ज पर आज कैबिनेट बैठक से संदेश निकला है, लेकिन यह कितना पुरअसर होगा और कितना वक्त तय करेगा, यह राजनीति की रपटीली राहों को देखते हुए कहा नहीं जा सकता !