WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

ED Summoned : झारखंड CM को अवैध खनन मामले में ED का समन!

JMM ने प्रतिक्रिया व्यक्त की 'यह बदले की राजनीति!' 

1176
WhatsApp Image 2022 11 02 At 11.38.28 AM

ED Summoned : झारखंड CM को अवैध खनन मामले में ED का समन!

Ranchi : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अवैध खनन मामले में समन जारी किया है। उन्हें 3 नवंबर गुरुवार को दिन के करीब साढ़े 11 बजे हाजिर होना है। ED कुछ बड़े अफसरों को भी नोटिस भेज कर पूछताछ के लिए बुला सकता है। पिछले दिनों गिरफ्तार हुए आरोपियों से पूछताछ के दौरान इन अफसरों के नाम सामने आए थे। ED की और से भेजे गए समन पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बदले की राजनीति है।
CM को समन भेजने के साथ ही ED ने पुलिस महानिदेशक को इस सिलसिले में एक पत्र भी लिखा है। इसमें 3 नवंबर को सुरक्षा का विशेष प्रबंध करने का अनुरोध किया गया। CM को पूछताछ के लिए समन जारी करने का मुख्य कारण उनके विशेष प्रतिनिधि पंकज मिश्रा द्वारा अवैध खनन में शामिल होने और 42 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति अर्जित करने के अलावा अन्य कई मामले हैं।
मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में फंसी IAS अधिकारी पूजा सिंघल को खान विभाग में पदस्थापित करने के कारणों के अलावा प्रेम प्रकाश के घर से मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा के लिए तैनात जवानों के नाम आवंटित दो एके-47 और 60 गोलियों का मिलना शामिल है।
ED ने पंकज मिश्रा के RIMS में भर्ती रहने के दौरान फोन पर अधिकारियों से बात करने और मुख्यमंत्री के नाम पर उन्हें डराने का मामला भी पकड़ा था। इस मामले में फोन से बात कराने के आरोप में ED ने पंकज मिश्रा के चालक व उसके एक करीबी को पकड़ा था। ED ने साहिबगंज में अवैध खनन की जांच के दौरान इस बात के भी सबूत जुटाए हैं कि पंकज मिश्रा व उसके सहयोगी अवैध खनन के मामले में जिले के अधिकारियों को मुख्यमंत्री का नाम लेकर ही डराते थे!
मुख्यमंत्री के राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल करते हुए अधिकारियों को कार्रवाई करने से रोका जाता था। साहिबगंज में छापेमारी के दौरान ED को पंकज मिश्रा के घर से एक लिफाफा मिला जो मुख्यमंत्री के बैंक खाते की चेक बुक मिली थी। इसमें से दो चेक बुक हस्ताक्षरित थी। हालांकि, इसमें राशि का उल्लेख नहीं किया गया था. अवैध खनन के मामले में गिरफ्तार प्रेम प्रकाश ने पूछताछ के दौरान अपने राजनीतिक संबंधों का भी उल्लेख किया था।
अवैध माइनिंग मामले में गिरफ्तार CA सुमन कुमार ने भी पूछताछ के दौरान बरामद 17.49 करोड़ नकद में से अधिकांश राशि पूजा सिंघल के माध्यम से मिलने के बात स्वीकार की थी। ED को जांच के दौरान इस बात की जानकारी मिली थी कि इसमें अवैध खनन से मिली राशि भी शामिल है. पूछताछ के दौरान मुख्यमंत्री से इन सभी मुद्दों से जुड़े सवाल पूछे जा सकते हैं!

सुरक्षा बढ़ाने के लिए ED ने पत्र लिखा
प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से हिनू एयरपोर्ट रोड स्थित अपने कार्यालय की सुरक्षा बढ़ाने के लिए पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की है। ED ने पुलिस मुख्यालय को इस बारे में पत्र भी भेजा है। पत्र की प्रति केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल को भी दी गई है। हालांकि, न तो प्रवर्तन निदेशालय ने और न ही पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों ने इस बात की आधिकारिक रूप से पुष्टि की है।

यह बदले की राजनीति
ED के समन पर JMM ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के मनोज पांडे ने कहा कि ED अपना काम करेगी। अन्याय होने पर हम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। पता नहीं ED सीएम को तलब कर सकती है क्या? अगर ऐसा है, तो CM  कानूनी विशेषज्ञों से सलाह लेने के बाद जवाब देंगे। क्या उन आरोपों के लिए उन्हें समन करना कानूनी है? अगर ऐसा है तो कई मामलों में पीएम को भी तलब किया जाना चाहिए. यह बदले की राजनीति है।