WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home मीडियावाला ख़ास

All Party Meeting : ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई, राहुल गांधी ने कहा ‘हम सरकार के साथ!’

480
WhatsApp Image 2025 05 08 At 20.08.59

All Party Meeting : ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई, राहुल गांधी ने कहा ‘हम सरकार के साथ!’

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा ‘हमने केंद्र सरकार की बात सुनी, गोपनीय जानकारी बाहर साझा नहीं की जा सकती!’

New Delhi : ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बारे में जानकारी देने के लिए गुरुवार को सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई। संसदीय कार्य मंत्री किरन रिजीजू ने इस बैठक को लेकर जानकारी दी। बैठक के बाद कांग्रेस सांसद और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि बैठक में हमने सुना कि केंद्र सरकार को क्या कहना था। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ गोपनीय जानकारी बाहर साझा नहीं की जा सकती। हमने उनसे कहा कि हम सभी सरकार के साथ हैं।

दिल्ली के संसद परिसर में संसद लाइब्रेरी भवन, सभी दलों के नेताओं की बैठक बुलाई गई। बैठक की अगुवाई रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की। सरकार की ओर से बैठक में राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और किरन रिजीजू के अलावा विदेश मंत्री एस जयशंकर, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भी शामिल हुए। विपक्ष की ओर से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के अलावा मल्लिकार्जुन खरगे, सुप्रिया सुले, और संजय राउत शामिल हुए. इनके अलावा प्रफुल्ल पटेल, संबित पात्रा, संजय सिंह संजय झा, प्रेमचंद गुप्ता, जॉन ब्रिटास भी शामिल हुए।

बैठक के बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि हमने सरकार को अपना पूरा समर्थन दिया है। जैसा कि मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि कुछ चीजें हैं, जिन पर हम चर्चा नहीं करना चाहते हैं। AIMIM के नेता असदुद्दीन ओवैसी ने बैठक के बाद कहा कि मैंने ऑपरेशन सिंदूर के लिए अपने सशस्त्र बलों और सरकार की सराहना की है। मैंने यह भी सुझाव दिया कि हमें रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) के खिलाफ एक वैश्विक स्तर पर अभियान चलाना चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि मैंने यह भी सुझाव दिया कि सरकार को अमेरिका से इसे (टीआरएफ) आतंकवादी संगठन के रूप में नामित करने का अनुरोध करना चाहिए। हमें एफएटीएफ में पाकिस्तान को ग्रे-लिस्ट करने के लिए भी प्रयास करना चाहिए।

सर्वदलीय बैठक में शामिल होने को लेकर ‘आप’ के सांसद संजय सिंह ने कहा कि सर्वदलीय बैठक में अलग-अलग पार्टियों के प्रतिनिधियों को बुलाया गया। बैठक में सरकार की ओर से इस ऑपरेशन को लेकर जो जानकारी दी जाएगी वो हम लोगों को मिलेगी। यह वक्त एकजुट होकर पाकिस्तान और पाकिस्तान के आतंकवादी संगठनों का मुकाबला करने का है। भारतीय सेना ने जिस तरह से पाकिस्तान के आतंकवादी ठिकानों को नेस्तनाबूद किया है इससे पूरा देश खुश है।