WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

Assistant Engineer Arrested : PHE की असिस्टेंट इंजीनियर को लोकायुक्त ने 60 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा!

जल जीवन मिशन राशि जारी करने के लिए रिश्वत मांगी!

1194

Assistant Engineer Arrested : PHE की असिस्टेंट इंजीनियर को लोकायुक्त ने 60 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा!

Ujjain : लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की असिस्टेंट इंजीनियर को लोकायुक्त टीम ने ठेकेदार से 60 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। निधि मिश्रा ने ठेकेदार अक्षय पाटीदार से जल जीवन मिशन राशि जारी करने के लिए रिश्वत मांगी थी। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की सहायक इंजीनियर को लोकायुक्त पुलिस ने उस समय पकड़ा जब वे रिश्वत ले रही थीं।

लोकायुक्त के उप पुलिस अधीक्षक राजेश पाठक ने बताया कि क्षीरसागर इलाके में रहने वाले ठेकेदार अक्षय पाटीदार की ओर से शिकायत मिली थी, कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की सहायक यंत्री निधि मिश्रा ने उनसे 60 हजार रुपए की रिश्वत मांगी है। पहले शिकायत की तस्दीक की गई, तो शिकायत सही पाई गई। इसके बाद लोकायुक्त पुलिस ने महिला अधिकारी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

बुधवार को फरियादी ने सहायक यंत्री के हाथ में 60 हजार रुपए रखे, वैसे ही उसने इशारा कर दिया। इसके बाद लोकायुक्त पुलिस की टीम ने सहायक यंत्री को पकड़ लिया। उनके पास से रिश्वत की राशि भी बरामद हो गई।

लोकायुक्त पुलिस ने बताया कि अक्षय पाटीदार ने अपनी फर्म मानसी श्री के नाम पर ग्राम कालूखेड़ा से झीतर खेड़ी तक जल जीवन मिशन में साल 2020 में ठेका लिया था। 2021 में 4 माह के विलंब के साथ अपना कार्य पूर्ण कर दिया। विलंब अवधि का निराकरण करने की एवज में सहायक यंत्री की ओर से रिश्वत मांगी जा रही थी। उनका यह भी कहना था कि वरिष्ठ अधिकारियों को यह रिश्वत पहुंचाई जाएगी। इसी शिकायत पर उप पुलिस अधीक्षक राजेश पाठक, सुनील तालान के नेतृत्व 12 सदस्य दल ने निधि मिश्रा को रंगे हाथ पकड़ लिया।