WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home मीडियावाला ख़ास

इंदौर–दाहोद रेलवे लाइन निर्माण के दौरान ब्लास्टिंग- दहला ग्राम चिचोड़िया: छतों के पतरे उड़े, मकानों में दरारें–ब्लास्ट का वीडियो वायरल

571
WhatsApp Image 2026 03 13 At 17.11.35

इंदौर–दाहोद रेलवे लाइन निर्माण के दौरान ब्लास्टिंग- दहला ग्राम चिचोड़िया: छतों के पतरे उड़े, मकानों में दरारें–ब्लास्ट का वीडियो वायरल

ग्रामीणों का आरोप– बिना सूचना किया धमाका, जानिए रेलवे का पक्ष

अमझेरा से गोपाल खंडेलवाल की ग्राउंड रिपोर्ट

अमझेरा (धार): मध्य प्रदेश के धार जिले में सरदारपुर तहसील के ग्राम चिचोड़िया में अचानक हुए जोरदार धमाके से पूरे गांव में दहशत फैल गई। धमाके की आवाज सुनते ही ग्रामीण घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।

चिचोड़िया गांव इंदौर–अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित फुलगावड़ी से करीब दो किमी दूर है। यहां इंदौर–दाहोद रेलवे लाइन का निर्माण कार्य चल रहा है। ग्रामीणों के अनुसार निर्माण कार्य कर रही कंपनी ने जमीन के अंदर बारूद लगाकर ब्लास्ट कर दिया, लेकिन इसकी पहले से कोई सूचना गांव में नहीं दी गई।

WhatsApp Image 2026 03 13 at 17.11.34

धमाका इतना तेज था कि कई घरों की छतों के पतरे उड़ गए और कुछ मकानों में दरारें आ गईं। ग्रामीणों का कहना है कि धमाके की आवाज गांव के साथ-साथ पास के हाईवे तक सुनाई दी और कुछ क्षणों के लिए पूरी धरती कंपन करने लगी। अचानक हुए धमाके से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बिना सूचना दिए किया ब्लास्ट

ग्रामीण चुन्नीलाल मारू ने बताया कि रेलवे निर्माण कार्य कर रही ठेकेदार कंपनी ने बिना सूचना दिए ब्लास्ट कर दिया। नियमों के अनुसार ब्लास्टिंग से पहले लाउडस्पीकर से सूचना दी जानी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इस घटना में उमेश रावल, सीताराम कालू और रामलाल दागी के मकानों में दरारें आ गई हैं।

लाइव वीडियो हुआ वायरल

घटना के दौरान का एक लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में धमाके की तेज आवाज के साथ ग्रामीणों में घबराहट का माहौल साफ दिखाई दे रहा है। धमाके के बाद लोग घरों से बाहर निकलकर स्थिति का जायजा लेते नजर आए।

रेलवे विभाग का पक्ष

रेलवे विभाग के मुताबिक इंदौर–दाहोद रेलवे लाइन परियोजना के तहत पुलिया निर्माण कार्य के लिए नियंत्रित ब्लास्टिंग की गई थी।