WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

Electricity Bill on Whatsapp : अब बिजली के बिल वाट्सएप पर भेजे जाने की तैयारी!

उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर अपडेट करने के काम में तेजी!

988
WhatsApp Image 2023 02 15 At 8.05.04 PM

Indore : मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र बिजली वितरण कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं को वाट्स एप जल्द ही बिजली के बिल उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसके लिए तैयारी अंतिम दौर में है। उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर अपडेट करने का कार्य तेजी से जारी है।

पश्चिम क्षेत्र बिजली कंपनी के प्रबंध निदेशक अमित तोमर ने उन उपभोक्ताओं से विशेष तौर पर अपील की है जिनके पुराने मोबाइल नंबर बिजली खातों में दर्ज हैं व वर्तमान में वे किसी अन्य मोबाइल नंबर का उपयोग कर रहे है। कंपनी ने ऐसे उपभोक्ताओं से ऊर्जस पोर्टल पर जाकर नया नंबर दर्ज करने की अपील की है। साथ ही ईमेल आईडी भी दर्ज कराने का आग्रह किया गया है।

मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र बिजली वितरण कंपनी ने पेपरलेस सह स्पॉट बिल व्यवस्था लागू की है, अब उपभोक्ताओं को रीडिंग के तुरंत बाद मोबाइल पर बिल मिल रहे है। जिन उपभोक्ताओं को ई मेल है, उनके ई मेल पर भी बिल भेजे जा रहे है। बिजली कंपनी ने ऐसे उपभोक्ताओं से मोबाइल नंबर सुधार की अपील है कि जिनके मोबाइल नंबर बदल गए हैं वे mpwz.co.in पर जाकर राइट साइट पर ऊर्जस सेवाओं विकल्प में बिजली खाता संख्या यानी आईवीआरएस नंबर के साथ अपना नया मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए वर्तमान मोबाइल नंबर दर्ज करने पर ओटीपी मिलेगा, फिर नया नंबर और ई मेल आईडी दर्ज हो जाएंगे।

उपभोक्ता मीटर रीडर या जोन वितरण केंद्रों पर पहुंचकर भी अपडेट करा सकते है। बिजली कंपनी वाट्सएप पर बिजली बिल जल्दी देने जा रही है। इसके लिए विभाग स्तर पर सभी तैयारी अंतिम दौर में है। गैर कृषि वर्ग के सभी उपभोक्ताओं को प्रतिमाह वाट्सएप नंबर पर बिजली बिल मिलेंगे।

उपभोक्ताओं को ये फायदे

– सभी सूचनाएं मोबाइल पर उसी वक्त मिलेगी।
– बिल भरने के लिए पहले से ज्यादा समय मिलेगा।
– बिल की पेमेंट लिंक मोबाइल पर मिलने लगेगी।
– पेमेंट लिंक पर क्लिक कर 15 सेकंड में बिल भर सकेंगे।
– मोबाइल से ही कैशलेस बिल भरने पर प्रति बिल छूट भी मिलेगी।
– समय पर बिल भरने से अधिभार लगने की नौबत नहीं आएगी।
– बिजली संबंधी जरूरी सूचनाएं, योजनाओं की जानकारी मिलेगी।