WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home मीडियावाला ख़ास

इधर ठाकरे को समर्पित ऐतिहासिक जीत, उधर नाथ के नेतृत्व का आभार …

1139
Karnatak Election
bjp
हरियाली अमावस्या के दिन मध्यप्रदेश की 143 जनपद पंचायतों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को चुनने की प्रक्रिया संपन्न हुई। 28 जुलाई शाम साढ़े पांच बजे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा की पत्रकार वार्ता हुई। उन्होंने दावा किया कि भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को 102 जनपद पंचायतों में जीत हासिल हुई है। इससे एक दिन पहले 170 जनपद पंचायतों में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया संपन्न हुई थी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आंकड़ों सहित जानकारी दी कि कुल 313 जनपद पंचायतों में से 312 के परिणाम प्राप्त हुए हैं। गरोठ जनपद पंचायत पर मंदसौर में कोर्ट स्टे है। इनमें भाजपा को 226 जनपद पंचायत में सफलता मिली है।
कांग्रेस को 64 पंचायत में और अन्य को 22 जनपद पंचायत में सफलता मिली है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि करीब 74 फीसदी सीटों पर काबिज होकर पार्टी ने ऐतिहासिक जीत हासिल की है। यह जीत भाजपा के पितृ पुरुष कुशाभाऊ ठाकरे को समर्पित है। ग्रामीण निकाय चुनाव में बूथ विजय का संकल्प साकार हुआ है। सीएम और प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रदेश की जनता को बधाई दी। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि हर बूथ को जीतने के लिए हमने बूथ विजय का जो संकल्प लिया था, उसे हमारे बूथ कार्यकर्ता, मंडल, जिला के कार्यकर्ताओं ने ग्रामीण निकाय के चुनाव में मेहनत से पूरा किया है। उन्होंने इस प्रचंड जीत को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भारतीय जनता पार्टी के प्रति जनता का विश्वास बताया।
तो अपने संसदीय क्षेत्र का हिसाब देते हुए बताया कि मेरे संसदीय चुनाव क्षेत्र में 13 जनपदों में से 12 जनपदों पर भाजपा जीतकर आयी है। जिनमें से 7 जनपद निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। भरोसा जताया कि आने वाले जिला पंचायत चुनाव के परिणाम भी भाजपा ऐतिहासिक मतों से जीतेगी। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा था कि भाजपा मुक्त छिंदवाडा होगा लेकिन आए परिणामों में छिंदवाडा में 11 में से 6 जनपदों पर भाजपा की प्रचंड जीत हुई है। इस जीत में बूथ पर काम करने वाले हमारे बूथ के त्रिदेव की अहम भूमिका है। उसी का परिणाम है कि पूरे मध्यप्रदेश में कार्यकर्ता बूथ तक पहुंचा है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की खुशी का मुख्य विंदु यही था कि श्रद्धा के केंद्र आदरणीय कुशाभाऊ ठाकरे जी की जन्मशताब्दी वर्ष में पार्टी ने सक्षम बूथ बनाने का जो संकल्प लिया था, उसके आधार पर चुनाव परिणाम में हम आगे बढ़े है। तो कांग्रेस के ज्यादा सीटें जीतने के दावों को उन्होंने झूठ का पुलिंदा बताया।
 तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्वीट किया कि “जनपद पंचायत के चुनाव में कांग्रेस पार्टी को दिए गए अभूतपूर्व समर्थन के लिए मैं मध्यप्रदेश की सम्मानित जनता का हार्दिक अभिनंदन करता हूं। पुलिस, पैसा और प्रशासन के दबाव के बीच आपने जिस तरह निर्भीक होकर वोट डाला और लोकतंत्र को मजबूत किया, वह सदा अनुकरणीय रहेगा। मैं कांग्रेस पार्टी के सभी विजेता प्रत्याशियों को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित करता हूं। जय मध्य प्रदेश। जय मध्य प्रदेश की जनता।” वहीं मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने बयान जारी कर दावा किया कि जनपद पंचायत चुनाव में पूरे प्रदेश में कांग्रेस को 167 सीटें मिलीं। हिसाब भी दिया कि पहले चरण में 89 और दूसरे चरण में जीती 78 सीटें कांग्रेस को मिलीं।पीसीसी अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के कुशल नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने शहरों के चुनाव के बाद गांव के चुनाव में भी शानदार प्रदर्शन किया है।
तो अपने-अपने दावों के बीच यह बात तय है कि मध्यप्रदेश में पंचायती राज समृद्धि की तरफ बढ़ा है। एक-दो घटनाओं को छोड़कर स्थितियां शांतिपूर्ण रहीं हैं। भाजपा सूची सहित अपनी उपलब्धि का दावा कर बूथ की इस ऐतिहासिक जीत को कुशाभाऊ ठाकरे को समर्पित कर रही है तो मोदी-शिवराज के नेतृत्व और गरीब कल्याण की योजनाओं को श्रेय दे रही है। तो कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के सिर पर जीत का सेहरा बांध रही है। गांवों की यह सरकार ग्रामीणों के जीवन में नए-नए रंग भरती रहे, प्रदेश की जनता की उम्मीद बस इतनी सी है।