WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home ब्यूरोक्रेसी

One More Administrative Surgery Soon: ACS,PS सहित मंत्रालय के कई अफसरों की पदस्थापना में होगा फेरबदल, अफसरों को अतिरिक्त प्रभार से मिलेगी राहत 

2006

One More Administrative Surgery Soon: ACS,PS सहित मंत्रालय के कई अफसरों की पदस्थापना में होगा फेरबदल, अफसरों को अतिरिक्त प्रभार से मिलेगी राहत 

 

   रामानंद तिवारी की खास रिपोर्ट 

 

भोपाल। मध्य प्रदेश में 42 IAS अधिकारियों के तबादले के बाद जल्द एक और बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की तैयारी है। इस प्रशासनिक फेरबदल में अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारियों की पदस्थापना में फेरबदल किया जाएगा।

जानकारों का कहना है मोहन सरकार के पिछले एक साल के शासन काल के दौरान जो अधिकारी बेस्ट परफॉर्मर रहे हैं उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी जाएगी। सूत्रों का कहना है कि जापान की यात्रा पर जाने से पहले मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के बीच तबादले को लेकर लंबी चर्चा हो चुकी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों में चर्चा के बाद तबादले की सूची लगभग फाइनल हो चुकी है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री के जापान यात्रा से लौट के बाद कभी भी इस प्रशासनिक सर्जरी को मूर्त रूप दिया जा सकता है।

गौरतलब है अभी हाल ही में जो बड़ी प्रशासनिक सर्जरी हुई है उसमें अधिकारियों की परफॉर्मेंस को महत्व दिया गया है। जिला कलेक्टरों ,उप सचिव से लेकर सचिव स्तर के IAS अफसरों के थोकबंद तबादलों के बाद राज्य सरकार जल्द एक और प्रशासनिक सर्जरी करेगी। इस प्रशासनिक फेरबदल में अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारियों की पदस्थापना में फेरबदल होगा।

*कई अधिकारी हो रहे सेवानिवृत* 

गौरतलब है 31 जनवरी को 2 IAS अधिकारी सेवानिवृत्त हो रहे हैं। जानकारी के मुताबिक अपर मुख्य सचिव गृह, परिवहन एवं जेल एसएन मिश्रा और आयुक्त सामाजिक न्याय डॉ. आरआर भौसले इसी माह सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके स्थान पर नए अधिकारियों की पदस्थापना की जाएगी। एसएन मिश्रा के रिटायर होने के बाद गृह एवं परिवहन विभाग की जिम्मेदारी किस अधिकारी को सौंपी जाएगी, इसको लेकर प्रशासनिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है। सूत्रों की जानकारी पर अगर भरोसा किया जाए तो संभवत उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन नए ACS गृह और परिवहन हो सकते हैं। राजन की गिनती मुख्यमंत्री के विश्वस्त अधिकारियों में होती है।

ग्रामीण विकास विभाग में ACS और विकास आयुक्त वर्तमान में पदस्थ नहीं है। माना जा रहा है कि यहां पर भी किसी ACS को पदस्थ किया जाएगा। अभी यहां प्रमुख सचिव दीपाली रस्तोगी पूरा काम देख रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सरकार ACS को पदस्थ कर दीपाली को यहां से किसी अन्य विभाग में पदस्थ कर सकती है।

इसके अलावा कई अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिवों के पास से एक ज्यादा विभागों का अतिरिक्त प्रभार है। अधिकारियों द्वारा अतिरिक्त प्रभार वाले विभागों पर ज्यादा ध्यान नहीं दे रहे हैं। वे अतिरिक्त प्रभार वाले विभागों की सिर्फ रूटीन की फाइले ही आगे बढ़ा रहे हैं, जिससे विभागों में कामकाज प्रभावित हो रहा है।

 *अतिरिक्त प्रभार से मिलेगी राहत* 

मंत्रालयीन सूत्रों का कहना है कि नई तबादला सूची में अतिरिक्त प्रभार वाले अफसरों को राहत दी जाएगी

यानी जिन अफसरों के पास एक से अधिक विभाग है उनसे अन्य विभाग लेकर दूसरे अफसरों को जिम्मेदारी दी जाएगी। वर्तमान समय में कई अफसरों के पास अतिरिक्त प्रभार है। अपर मुख्य सचिव ऊर्जा नीरज मंडलोई के पास लोक निर्माण जैसे बड़े विभाग का अपर मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार है। पता चला है कि मंडलोई की लोक निर्माण विभाग में बहुत ज्यादा रुचि नहीं है। वे सिर्फ रुटीन की फाइले ही आगे बढ़ाते है। अपर मुख्य सचिव वन अशोक वर्णवाल के पास सहकारिता का अतिरिक्त प्रभार, अपर मुख्य सचिव नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मनु श्रीवास्तव के पास खेल एवं युवा कल्याण का अतिरिक्त प्रभार, अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन संजय दुबे के पास साइंस एवं टेक्नोलॉजी का अतिरिक्त प्रभार, अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा अनुपम राजन के पास संसदीय कार्य व उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग का अतिरिक्त प्रभार है। ऐसे ही प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास संजय शुक्ला के पास विमानन व योजना का अतिरिक्त प्रभार, प्रमुख सचिव वाणिज्यिक कर अमित राठौर के पास कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग का अतिरिक्त प्रभार, प्रमुख सचिव खाद्य रश्मि अरुण शमी के पास महिला-बाल विकास का अतिरिक्त प्रभार, प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग दीपाली रस्तोगी के पास आयुक्त विकास का अतिरिक्त प्रभार, प्रमुख सचित संस्कृति एवं पर्यटन शिव शेखर शुक्ला के पास प्रमुख सचिव धर्मस्व विभाग का अतिरिक्त प्रभार, प्रमुख सचिव मत्स्य विभाग डीपी आहुजा के पास प्रमुख सचिव आयुष का अतिरिक्त प्रभार, प्रमुख सचिव उद्योग व एमएसएमई राघवेंद्र कुमार सिंह के पास आनंद विभाग का अतिरिक्त प्रभार, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा संदीप यादव के पास आयुक्त खाद्य सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार है। इसके अलावा कुछ सचिव व अपर सचिव स्तर के अधिकारियों के पास दूसरे विभागों का अतिरिक्त प्रभार है। पिछले दिनों में कई अधिकारी सचिव और प्रमुख सचिव के पद पर पदोन्नत हो चुके हैं। उनकी जिम्मेदारियों में भी परिवर्तन किया जा सकता है।