WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home मीडियावाला ख़ास

Political Clash : पार्षदों की खरीद के मुद्दे पर इमरती देवी कांग्रेस MLA से भिड़ी

दोनों नेताओं के बीच हुई कड़वी बातों का वीडियो भी वायरल हुआ

1214
WhatsApp Image 2022 09 10 At 9.19.52 PM 696x416

Dabra (Gwalior) : प्रदेश की पूर्व मंत्री और ज्योतिरादित्य सिंधिया की कट्टर समर्थक इमरती देवी फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उनके मीडिया की सुर्खियों में होने की वजह उनका वायरल हो रहा एक वीडियो है जिसमें इमरती देवी एक कांग्रेस विधायक से उलझती दिखाई दीं। इस वीडियो में वे कांग्रेस MLA सुरेश राजे से बहस करके पार्षदों की खरीद-फरोख्त के आरोप लगा रहे हैं। इस दौरान इमरती देवी ने प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का नाम लेते हुए उन पर तंज कसते भी नजर आ रही।

कांग्रेस से भाजपा में आई पूर्व मंत्री इमरती देवी और डबरा के कांग्रेस MLA सुरेश राजे में तीखी बहस हो गई। सिंधिया ख़ास समर्थक इमरती देवी ने कांग्रेस MLA पर पार्षदों को बेचने का आरोप लगाया। जवाब में कांग्रेस विधायक बोले ‘तुमने की है खरीद फरोख्त, मैंने किसी को बेचा है तो नाम बताओ!’ दोनों नेताओं के बीच हुई कड़वी बातों का वीडियो भी वायरल हुआ।

सहराई गांव में डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा खंडित होने पर यहां सभी नेता इकट्ठा हुए थे। इमरती देवी और डबरा विधायक सुरेश राजे भी पहुंचे। MLA फर्श पर दरी बिछाकर समाज के लोगों के साथ बैठ गए और कहा कि मैं ऐसा विधायक नहीं हूं कि किसी के बुलाने पर आऊं। मैं तो जहां मन होता है वहां पहुंचता हूं। इस पर इमरती देवी ने विरोध करते हुए पार्षदों को बेचने की बात कह दी। जिस पर विधायक भी भड़क गए। दोनों नेताओं के बीच जो बातचीत हुई, वो कुछ ऐसी थी कि वहां मौजूद लोगों ने विधायक और इमरती देवी को शांत कराया।

इमरती देवी और सुरेश राजे के बीच बहसबाजी उस समय शुरू हुई, जब विधायक सुरेश राजे गांव में कुछ लोगों के साथ बैठे थे। जैसे ही इमरती देवी वहां पहुंची कांग्रेस MLA ने तंज कसते हुए कहा ‘ये विधायक उनमें से नहीं है, जो किसी के भी कहने से कुएं में कूद जाए। ये विधायक उनमें से है जो समाज के कहने पर जनता के कहने पर कुएं में कूदेगा।’ इस पर इमरती देवी भड़क गईं और विधायक से भिड़ गईं।

डबरा के सहराई गांव में शुक्रवार रात किसी ने भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को खंडित कर दिया था। यह खबर स्थानीय लोगों को पता चली तो वहां भीड़ जमा हो गई। भीम आर्मी के सदस्य भी वहां आ गए। यह जानकारी मिलते ही कांग्रेस विधायक सुरेश राजे और दूसरे नेता भी पहुंच गए। पूर्व मंत्री इमरती देवी आ गईं। इसके बाद जिला प्रशासन और पुलिस बल पहुंच गया।

इस दौरान लोगों ने मांग की कि मूर्ति की सुरक्षा के लिए CCTV लगाए जाएं। गार्ड की नियुक्ति भी हो। क्योंकि, पहले भी मूर्ति को खंडित किया जा चुका है। जिसने मूर्ति को नुकसान पहुंचाया है, जल्द से जल्द उसे पकड़ा जाए। इस पर प्रशासन ने नई मूर्ति लगाने का आश्वासन दिया। इमरती देवी ने गार्ड के लिए एक कमरा निर्माण कराने की बात कही है।