WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home मीडियावाला ख़ास

तो मसूद की तरह मातम मनाएगा, मिट्टी में मिल जाएगा पाकिस्तान…

576

तो मसूद की तरह मातम मनाएगा, मिट्टी में मिल जाएगा पाकिस्तान…

कौशल किशोर चतुर्वेदी

एक कहावत है कि ‘लातों के भूत बातों से नहीं मानते’…पाकिस्तान और आसुरी प्रवृत्ति के देशों और लोगों के लिए यह बात सौ फीसदी सही है। और सभी युगों में यह बात सच साबित हुई है। त्रेता युग में राम-रावण युद्ध हो या द्वापर में कृष्ण-कंस और कौरव-पांडव युद्ध हो और अब कलियुग में भारत-पाक युद्ध ही सही, हर जगह पर आसुरी मानसिकता के लोग मिट्टी में ही मिले हैं। और पाकिस्तान के मामले में तो ऐसा लगता है कि पूरा देश ही राक्षसी मानसिकता से भरा पड़ा है। ठीक वैसे ही जैसे लंका में गैर आसुरी सोच के केवल विभीषण ही वास करते थे। तब हनुमान ने पूरी लंका जलाई थी, तो राम ने लंका की आसुरी आबादी को ही मिट्टी में मिला दिया था। वही हाल अब पाकिस्तान का है। 25 मिनट में नौ आतंकी अड्डे मिट्टी में मिले, तो पाकिस्तान को अपनी औकात का अंदाजा लग गया। तब समझ में आया कि परमाणु बम की धमकी से पाक खुद को बचा नहीं पाएगा। और उसके आका भी हाथ नहीं लगा पाएंगे, जब उसके कुकर्मों का हिसाब होगा। आतंक का आका मसूद अगर आज मातम मना रहा है तो कल पूरा पाक जब मिट्टी में मिलेगा, तब तो मातम मनाने के लिए भी कोई नहीं मिलेगा। और इस ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने धूर्तता से भरे पाक के राजनयिकों को यह जता दिया है कि एक चुटकी सिंदूर का अपमान पूरे पाकिस्तान को श्मसान बना सकता है।

फिलहाल भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तानी अधिकृत कश्मीर में हमला बोला है। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) पर ऑपरेशन सिंदूर के बाद आतंकी सरगना मसूद अजहर के परिवार के 14 लोग भी इसमें मारे जाने की खबर सामने आई है। पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त यह सख्त कार्यवाही की है। 22 अप्रैल को जब पाक समर्थित आतंकियों ने पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों का धर्म पूछकर घृणित और कायराना हरकत की थी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उसी दिन विदेशी दौरा बीच में ही रद्द कर भारत लौटकर यह चेतावनी दी थी कि किए ती पूरी सजा मिलेगी। और उसके बाद पंद्रह दिन तक पूरी तैयारी के बाद 7 मई 2025 की रात को आतंकी मनसूबों को खाक करने के लिए पाक के 9 आतंकी ठिकानों को मिट्टी में मिला दिया। इसमें 70 से ज्यादा आतंकियों के मारे जाने की खबर है। और बताया जा रहा है कि आतंकी सरगना मसूद अजहर के परिवार के 14 लोग भी इसमें मारे गए हैं। और आतंकी गुट जैश-ए-मोहम्मद के चीफ मौलाना मसूद अजहर ने कहा है कि भारत के मिसाइल हमले में उसके परिवार और दोस्तों की मौत हो गई है। ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना ने 7 मई को तड़के पाकिस्तान के बहावलपुर स्थित सुभान अल्लाह मस्जिद परिसर पर चार मिसाइल दागीं। हमले में ये इमारत पूरी तरह तबाह हो गई है। इस हमले के बाद आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के चीफ मौलाना मसूद अजहर मौत की भीख मांग रहा है। इस आंतकी आका ने परिवार के लोगों की मौत पर रोते हुए कहा कि अगर वह भी मर जाता तो अच्छा रहता।

यह वही आतंकी सरगना है जिसने हजारों निर्दोषों को मौत के घाट उतारने के लिए आतंकी तैयार किए हैं। और मौतों पर अहंकार से भरा अट्टहास भी किया है। एयर स्ट्राइक ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय वायु सेना, थल सेना और नौसेना ने मिलकर पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 9 आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की। इसमें जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे संगठनों के कैंप नष्ट किए गए हैं। यह वही मसूद अजहर है जिसका नाम 26/11 के मुंबई हमले में सामने आया था। वह आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का सरगना है। इस संगठन ने देश में कई हमले करवाए हैं। वह भारत में पांच साल तक जेल में रहा था। साल 1999 में एक अपहरण के बदले में भारत सरकार ने उसे रिहा कर दिया था। अजहर का नाम भारतीय संसद पर हमले की साजिश में भी आया था। और अब पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेते हुए इंडियन आर्मी ने पाकिस्तान के पंजाब में स्थित बहावलपुर ट्रेनिंग सेंटर को उड़ा दिया है। और अब पाकिस्तान को अहसास हो गया है कि उसके चौके में रखे परमाणु बम उसको ही नष्ट कर देंगे। भारत को धूर्तता भरे तरीकों से वह आघात पहुंचाने की साजिश कर सकता है, लेकिन भारत उसे मुंह तोड़ जवाब देने में सक्षम है। 1948, 1965, 1971 और 1999 में चार युद्धों की तरह अगर पांचवां सीधा युद्ध हुआ तो इस बार पाकिस्तान मिट्टी में मिल जाएगा और चीन सहित पाक का कोई आका उसे मदद करने के लिए आगे नहीं आ पाएगा। फिर पूरा पाकिस्तान, मसूद की तरह मातम मनाने को मजबूर होगा…।