WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home मीडियावाला ख़ास

Vice Presidential Candidate : जगदीप धनखड़ होंगे NDA के उप राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार

1244
WhatsApp Image 2022 07 16 At 8.56.22 PM 696x410

New Delhi : पश्चिम बंगाल के पूर्व गवर्नर जगदीप धनखड़ (Jagdeep Dhankhar) को NDA ने उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया है। धनखड़ ने शनिवार शाम को ही पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। इसके बाद से ही उन्हें उपराष्ट्रपति पद का प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं। धनखड़ ने शुक्रवार को गृह मंत्री अमित शाह से भी भेंट की। उपराष्ट्रपति का चुनाव 6 अगस्त को होना है। उम्मीदवार तय करने के लिए शनिवार को BJP की शीर्ष नीति निर्धारक संस्था संसदीय बोर्ड की बैठक हुई। दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में हो रही इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित संसदीय बोर्ड के अन्य सदस्य मौजूद रहे। देश के उपराष्ट्रपति को चुनने के लिए निर्वाचक मंडल में संसद के दोनों सदनों, लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य शामिल होते हैं। संसद में सदस्यों की मौजूदा संख्या 780 है। इनमें से केवल भाजपा के 394 सांसद हैं। जीत के लिए 390 से अधिक मतों की जरूरत होती है।

WhatsApp Image 2022 07 16 at 8.56.22 PM 1
उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त होगा। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 19 जुलाई है और मतदान 6 अगस्त को निर्धारित है। भाजपा ने राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए आदिवासी नेता द्रौपदी मुर्मू को उम्मीदवार बनाया है। यदि मुर्मू चुनाव जीत जाती हैं, तो वह देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति होंगी।
NDA ने 2017 में उपराष्ट्रपति पद के लिए तत्कालीन केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू को अपना उम्मीदवार बनाया था। BJP इस बार भी अपने उम्मीदवार की जीत की संभावना के आधार पर मजबूत स्थिति में है। इससे पहले प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ समेत कई राज्यपालों ने मुलाकात की थी। इसे लेकर भी सियासी अटकलें लगाई जाने लगी थीं। मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मणिपुर के राज्यपाल एल गणेशन ने भी मोदी से मुलाकात की। PMO ने ट्वीट किया कि राज्यपालों ने PM से मुलाकात की।