WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home मीडियावाला ख़ास

VIDEO: मंत्री की पत्नी की चप्पल में कीचड़ लगा, तो समर्थकों ने कुंए से पानी निकालकर धोयी

1414
WhatsApp Image 2021 09 17 At 8.05.15 AM 696x522

दमोह से महेंद्र परिहार की रिपोर्ट

दमोह MP: केंद्रीय मंत्री के तो अपने जलवे होते ही हैं, उनके परिवार को भी समर्थक उतना ही सिर माथे पर बैठाते हैं। अब यदि मंत्रीजी की पत्नी की चप्पलें कीचड़ में सन जाए तो स्वाभाविक है कि समर्थक उसे साफ तो करेंगे ही।

मामला केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल की पत्नी की चप्पल से जुड़ा है। दमोह में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल पत्नी के साथ प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर पौधरोपण करने पहुंचे थे। लेकिन, मंत्री की पत्नी की चप्पल में कीचड़ लग गया। उसे साफ करने के लिए एक साथ कई समर्थक सामने आगे आ गए। उन्होंने केंद्रीय मंत्री की पत्नी के पैरों से चप्पल निकाली और कुंए से पानी खींचकर कीचड़ साफ किया और पौंछकर लौटा दीं। इस पूरे वाकये का वीडियो भी सामने आया।

देखिये वीडियो-

 

शुक्रवार को दमोह के बेलाताल तालाब में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में केंद्रीय जल शक्ति एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल भी अपनी पत्नी पुष्पलता सिंह के साथ पहुंचे। मंत्री के साथ उनकी पत्नी ने भी पौधरोपण किया। लेकिन, उनकी चप्पलों में कीचड़ लग गया। मंत्री समर्थकों ने जैसे ही कीचड़ देखा, तत्काल मंत्रीजी की पत्नी के पैरों से चप्पल निकाली और हाथ में लेकर उसे साफ किया। फिर पास के कुएं से पानी निकाला। चप्पलों पर पानी डालकर उसे हाथ से साफ किया।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि तीन बिंदुओं पर हम सभी को काम करना चाहिए। जल, जीवन मिशन समय से पहले पूरा हो जाना चाहिए। इसमें एक-एक व्यक्ति को तय करना होगा, इसमें सिस्टम ऐसा बने कि इसे समाज संचालित करे। दूसरा ODF प्लस। तीसरा संकल्प होना चाहिए कि अपने जन्मदिन या पितरों की याद में वृक्ष जरूर लगाएं। लेकिन, ये आयोजन मंत्रीजी की पत्नी की चप्पलों की सफाई के लिए ज्यादा याद किया जाएगा।