WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home मीडियावाला ख़ास

45 साल की भाजपा…

860

45 साल की भाजपा…

कौशल किशोर चतुर्वेदी

भारतीय जनता पार्टी 6 अप्रैल 2025 को पूरी 45 साल की हो गई। जनसंघ के बाद 1980 में 6 अप्रैल को ही स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई थी। मुंबई में पार्टी के पहले अधिवेशन को संबोधित करते हुए स्व. अटलजी ने कहा था कि अंधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में स्व. अटलजी का यह सपना साकार हो रहा है। देश के हर क्षेत्र में कमल खिला है। पंच-सरपंच से लेकर प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति तक भाजपा के नेता हैं। करोड़ों कार्यकर्ताओं की मेहनत से आज भारतीय जनता पार्टी दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन गई है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने पार्टी के स्थापना दिवस पर कहा कि करोड़ों कार्यकर्ताओं के परिश्रम से भारतीय जनता पार्टी आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। पंच से राष्ट्रपति के पद पर भाजपा कार्यकर्ता अटल जी का सपना साकार कर रहा है। पं. दीनदयाल उपाध्याय जी ने अंत्योदय का जो विचार पार्टी को दिया था, उसे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यथार्थ में बदल रहे हैं। एक गरीब मां के बेटे मोदी के प्रयासों से समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में बदलाव आया है और देश के 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं। मोदी गरीबों के मसीहा के रूप में उभरे हैं। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने पार्टी की स्थापना दिवस पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी विचार आधारित राजनीतिक दल है। हमारी पार्टी ने अपने विचारों से कभी समझौता नहीं किया। पार्टी का स्थापना दिवस संगठन के महापुरुषों के पथ पर चलने की प्रेरणा देता है। स्थापना दिवस पर्व कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ता के साथ आगे बढ़ने का साहस, संयम एवं समन्वय का अभूतपूर्व संचार करने के साथ हमारा मार्गदर्शन करता है। भाजपा धारा 370, राम मंदिर जैसे हर संकल्पों को पूरा कर रही है और जनता से किए एक-एक वादे को पूरा करती है। भाजपा जनसंघ के समय से लेकर आज तक के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत व परिश्रम से आज एक विशाल वट वृक्ष जैसी पार्टी बन गई है। एक समय था, जब पार्टी के देश में सिर्फ दो सांसद थे, तब कई राजनीतिक दलों के नेता हमारे ऊपर हंसते थे कि दो सांसदों का राष्ट्रीय राजनीतिक दल है। लेकिन कार्यकर्ताओं की लगन, मेहनत व निष्ठा से ही भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। विश्व में सबसे अधिक कार्यकर्ताओं वाली भाजपा आज देश का विकास करने के साथ अंत्योदय के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।

इसी तरह के विचार पूरे देश के भाजपा पदाधिकारियों ने व्यक्त किए होंगे। कमल खिल रहा है। पर वास्तव में पार्टी को एक बार राष्ट्रीय स्तर पर चिंतन की जरूरत है कि विचारों से समझौता कहां हो रहा है और इसके लिए क्या रणनीति कारगर साबित हो सकती है। पार्टी को चिंतन की जरूरत है कि झोपड़ी में जन्मे दीनदयाल के अंत्योदय में और क्या प्रयास की जरूरत है। कमल खिलने के बाद भी ‘एक परिवार के सदस्य की त्रयोदशी करने को पैसे जुटाने तेरह सदस्य पटाखा फैक्ट्री में काम करने गुजरात जाते हैं। और विस्फोट में मारे जाते हैं।’ क्या अंत्योदय के लिए अब भी सैकड़ों कदम की दूरी बाकी है? अटल जी का सपना पूरा हो गया है और कमल खिलाने के लिए अंधेरा छंट गया और सूरज निकल गया है। पर अब कमल खिलने के बाद की लंबी यात्रा बाकी है, जिसके लिए विचारों का नया अध्याय लिखा जाना बाकी है। तभी पंडित श्यामाप्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों की उर्वरता विकसित भारत का निर्माण कर पाएगी…।