WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home मीडियावाला ख़ास

भीषण गर्मी में इंसानियत की ठंडी छांव: तपते इंदौर शहर में दुकानदार ने आवारा कुत्तों को दी शरण, करुणा की मिसाल बनी पहल

562
WhatsApp Image 2026 04 27 At 18.39.17

भीषण गर्मी में इंसानियत की ठंडी छांव: तपते इंदौर शहर में दुकानदार ने आवारा कुत्तों को दी शरण, करुणा की मिसाल बनी पहल

के के झा की विशेष रिपोर्ट

इंदौर। देश का सबसे स्वच्छ शहर इंदौर, जो हाल के दिनों में कुछ नकारात्मक घटनाओं के कारण चर्चा में रहा, वहीं अब अपनी संवेदनशीलता, करुणा और जीवों के प्रति दया भाव के कारण पूरे देश में सराहा जा रहा है। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि इंदौर न केवल स्वच्छता में अग्रणी है, बल्कि सुसंस्कृत और मानवीय मूल्यों से ओतप्रोत नागरिकों का शहर भी है, जहां कुछ अपवादों को छोड़ अधिकांश जनमानस अपनी संस्कृति और संस्कारों को अक्षुण्ण बनाए हुए है।

भीषण गर्मी की मार झेल रहे शहर में, जब तापमान 40-45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है और सड़कें तप रही हैं, ऐसे में बेघर जानवरों की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है। इसी बीच शहर के एक मोहल्ले में एक किराना दुकानदार ने मानवता की अनूठी मिसाल पेश की।

WhatsApp Image 2026 04 27 at 18.39.18

दोपहर की प्रचंड गर्मी में उन्होंने देखा कि कई आवारा कुत्ते उनकी दुकान के बाहर हांफते हुए छाया की तलाश कर रहे हैं। उनकी हालत देखकर दुकानदार का हृदय पसीज गया और उन्होंने बिना देर किए अपनी दुकान का दरवाजा खोल दिया। धीरे-धीरे कुत्ते अंदर आए और ठंडी फर्श पर शांति से लेट गए—कोई काउंटर के नीचे, तो कोई कोने में सुकून से आराम करता नजर आया।

दुकानदार ने न केवल उन्हें आश्रय दिया, बल्कि पानी की भी व्यवस्था की और किसी को उन्हें परेशान नहीं करने दिया। उनका कहना था, “ये भी जीव हैं। इंसान तो गर्मी से बचने के उपाय कर लेता है, लेकिन इनका क्या? अगर मेरी दुकान में जगह है, तो इन्हें राहत देना मेरा कर्तव्य है।”

इस संवेदनशील पहल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आधा दर्जन से अधिक कुत्ते दुकान के अंदर शांतिपूर्वक आराम करते दिखाई दे रहे हैं।

यह छोटी-सी घटना एक बड़ा संदेश देती है—कि सच्ची इंसानियत शब्दों में नहीं, बल्कि कर्मों में झलकती है। इंदौर के इस उदाहरण ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि यह शहर स्वच्छता के साथ-साथ संवेदनशीलता और संस्कारों में भी देश का अग्रणी शहर है।